धनबाद में भू-धंसान से दहशत, मकानों में दरारों के बाद BCCL पर बढ़ा दबाव

Reena Sharma
3 Min Read

धनबाद के झरिया-बस्ताकोला एरिया-9 के भगतडीह इलाके में शनिवार को अचानक जमीन धंसने और खिसकने से कई मकानों में बड़ी दरारें आ गईं। पुराने आरएसपी कॉलेज के पीछे कामिनी कल्याण क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा को देखते हुए कई परिवार जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।

घटना की सूचना मिलते ही बस्ताकोला एरिया के जीएम एसके गायकवाड़ और धनबाद मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे। प्रभावित रैयतों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। मेयर ने कहा कि किसी भी परिवार को खतरे वाले मकान में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। गंभीर रूप से प्रभावित परिवारों को बीसीसीएल के सुरक्षित क्वार्टरों में शिफ्ट किया जा रहा है, जबकि पाइपलाइनों की मरम्मत और इलाके का सर्वे भी कराया जा रहा है।
हैवी ब्लास्टिंग को लेकर मेयर ने बीसीसीएल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो बस्ताकोला एरिया के राजापुर प्रोजेक्ट को बंद कराने तक के कदम उठाए जा सकते हैं। बीसीसीएल और प्रोजेक्ट ऑफिसर को स्थानीय लोगों की जान और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

बस्ताकोला एरिया के जीएम एसके गायकवाड़ ने बताया कि प्रबंधन पिछले कई तिमाहियों से राहत और पुनर्वास का काम कर रहा है। प्रभावित परिवारों से जरूरी दस्तावेज तैयार रखने को कहा गया है, ताकि जेएमपी-2 समेत नियमानुसार मिलने वाली सुविधाएं दी जा सकें। गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त मकानों में रहने वाले लोगों को आसपास उपलब्ध खाली क्वार्टरों में शिफ्ट किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, 2017 में ट्रेंच कटिंग के कारण तत्कालीन उपायुक्त के आदेश पर पुराने आरएसपी कॉलेज परिसर को खाली कराया गया था। अब दोबारा भू-धंसान की घटना से पुरानी चिंताएं बढ़ गई हैं। फिलहाल प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है और प्रशासन व बीसीसीएल की टीम पूरे इलाके की निगरानी कर रही है। सर्वे के बाद जमीन, मकानों, पाइपलाइन और अन्य संपत्तियों के नुकसान का आकलन कर राहत एवं पुनर्वास कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

Share This Article