चतरा जेल में मंटू सिंह की मौत: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, न्यायिक जांच की मांग

Reena Sharma
3 Min Read

पलामू जिले के मनातू प्रखंड अंतर्गत केवल गांव निवासी मंटू सिंह की चतरा जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 15 अगस्त 2026 को हुई इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक की पत्नी रीना देवी का दावा है कि उनके पति के साथ जेल के भीतर मारपीट की गई, जिससे उनकी जान चली गई। उन्होंने कहा कि मंटू सिंह के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान मौजूद हैं।

परिजनों के अनुसार, मंटू सिंह वर्ष 2024 से जेल में बंद थे। उनके परिवार का कहना है कि पुलिस ने उन्हें टीएसपीसी संगठन के नाम पर एक साजिश के तहत पकड़कर जेल भेजा था, जबकि वह घर पर ही अपना सामान्य काम करते थे। परिजनों को किसी माध्यम से सूचना मिली थी कि मंटू सिंह जेल में बीमार हैं। इसके बाद जब वे मिलने पहुंचे, तो जेल प्रशासन ने अलग-अलग बातें बनाकर उन्हें मिलने नहीं दिया और वापस भेज दिया।

बाद में परिजनों ने अधिवक्ता के माध्यम से संपर्क साधा, तब जाकर उन्हें मंटू सिंह की मौत की जानकारी मिली। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान भी उन्हें कोई समुचित जानकारी नहीं दी गई और न ही उन्हें मौके पर उपस्थित रहने दिया गया। मृतक के भाई संतोष सिंह ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और न्याय दिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने बताया कि मंटू सिंह अपने पीछे तीन छोटे बच्चे—चंदन (8 वर्ष), आशा (5 वर्ष) और शिवम (18 माह) छोड़ गए हैं।

घटना की खबर मिलते ही पांकी विधानसभा क्षेत्र के जेएलकेएम केंद्रीय सचिव ओंकार नाथ जायसवाल समर्थकों के साथ केवल गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने चतरा उपायुक्त और जेल प्रशासन से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। ओंकार नाथ जायसवाल ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है, इसलिए वे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आश्रित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग करेंगे।
उन्होंने तीन छोटे बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकारी सहायता की आवश्यकता पर बल दिया और न्याय न मिलने पर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात भी कही। इस दौरान मौके पर जेएलकेएम के अरुण वर्मा, नीरज कुमार, कमलेश तुरी, संजय कुमार, इंद्रदेव यादव, मुकेश कुमार यादव समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Share This Article