डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : तिलैया थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों ने अब दिनदहाड़े एक और वारदात को अंजाम देकर पुलिसी गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे अड्डी बंगला के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने टोटो से सफर कर रही संगीता जैन (पति अनिल जैन, निवासी राजगढ़िया रोड) को अपना निशाना बनाया। अपराधी बेहद शातिराना अंदाज में पीछे से आए और पलक झपकते ही महिला के गले पर झपट्टा मारकर लगभग 2 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीन ली। जब तक पीड़ित महिला कुछ समझ पातीं या शोर मचाती, तब तक दोनों बदमाश तेज रफ्तार बाइक से गझंडी रोड की तरफ ओझल हो चुके थे।
सीसीटीवी में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
घटना की भनक लगते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस आसपास की दुकानों और मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। एक फुटेज में वारदात का सनसनीखेज दृश्य साफ नजर आ रहा है, जिसमें बदमाश टोटो के पास आकर झपटमारी करते दिख रहे हैं। पुलिस का दावा है कि इस फुटेज के आधार पर लुटेरों का सुराग जुटाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में आक्रोश और डर
शहर के व्यस्त इलाके में दोपहर 11 बजे हुई इस घटना से स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं में भारी दहशत है। राह चलती और गाड़ियों में सफर कर रही महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए मुख्य सड़कों पर पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

