CSP संचालक ही निकला नशीले पदार्थों का सौदागर: पलामू में 60 लाख के गांजे के साथ बैंक कर्मी और ड्राइवर गिरफ्तार

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सतबरवा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 121 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी के इस खेल में चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि पकड़ा गया एक आरोपी बैंक ऑफ इंडिया का सीएसपी (ग्राहक सेवा केंद्र) संचालक है। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति डिजायर कार और ओडिशा की दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं।

ऑपरेशन प्रहार: एनएच पर रात 11:30 बजे बिछाया गया जाल
​पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप पलामू के रास्ते बिहार सीमा की ओर भेजी जा रही है। मंगलवार की देर रात लगभग 11:30 बजे सतबरवा थाने के ठीक सामने सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संबलपुर की ओर से आ रही मारुति डिजायर कार (JH-03-AQ-3253) को रोका गया।तलाशी लेने पर कार के अंदर से 121 किलो गांजा बरामद हुआ।
फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल: कार से ओडिशा नंबर की दो फर्जी नंबर प्लेट भी मिलीं। अंदेशा है कि ओडिशा की सीमा में पुलिस को चकमा देने के लिए तस्कर गाड़ी पर फर्जी नंबर बदलकर चल रहे थे।

संबलपुर से हरिहरगंज जा रही थी खेप, कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
​पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र (झाबर गांव) के रहने वाले हैं।
शंभू कुमार यादव (30 वर्ष): लेस्लीगंज स्थित बैंक ऑफ इंडिया के सीएसपी का संचालक।
सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (30 वर्ष): पेशेवर ड्राइवर, जो तस्करी की गाड़ी चला रहा था।
​प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लोड किया गया था और इसे पलामू के हरिहरगंज पहुंचाया जाना था।

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
​पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि संबलपुर में यह माल किसने सप्लाई किया था और हरिहरगंज में इसे किसे डिलीवरी दी जानी थी।

एसपी कपिल चौधरी का बयान
यह एक बड़े अंतर्राज्यीय नशीले पदार्थ गिरोह का हिस्सा लग रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मुख्य सप्लायर और रिसीवर का पता लगाया जा रहा है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन में प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप, सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई सुजीत रजक के साथ आरक्षी कमलेश प्रसाद यादव, धर्मेंद्र बैठा, गुलशन अजीत टोपनो और रामपरवेश यादव शामिल थे।

Share This Article