भजन संध्या और कृष्ण लीला ने बांधा समां
मेदिनीनगर। मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा स्थानीय पुलिस स्टेडियम में आयोजित भव्य कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, संस्कृति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। शाम 7 बजे से शुरू हुआ आयोजन रात 11 बजे तक चला। म्यूजिकल बैंड की भजन संध्या के बाद महाराष्ट्र से आए कलाकारों ने भगवान कृष्ण के जीवन और विभिन्न लीलाओं पर आधारित मनमोहक कृष्ण लीला प्रस्तुत की।
दही-हांडी में स्कूलों और पुलिस टीम ने दिखाया दम
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य दही-हांडी प्रतियोगिता रही। इसमें ग्रीन वैली इंटरनेशनल स्कूल, बरालोटा डाल्टनगंज और संत मरियम स्कूल, डालटनगंज के साथ पलामू पुलिस की टीम ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पलामू पुलिस की टीम ने सबसे ऊंची मटकी फोड़कर शानदार प्रदर्शन किया। तीनों टीमों के उत्साह और प्रदर्शन ने हजारों दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और पूरा स्टेडियम तालियों व जयकारों से गूंज उठा।
अधिकारियों ने कृष्ण के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
कार्यक्रम का उद्घाटन पलामू उपायुक्त दिलीप सिंह शेखावत, आरक्षी अधीक्षक पलामू कपिल चौधरी, प्रोबेशनर आईएएस ऋत्विक कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त ने आयोजन के लिए चैंबर और शहरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान कृष्ण महान शिक्षक और मार्गदर्शक थे। उनके उपदेश आज भी मानव जीवन को सही दिशा दिखाते हैं। आरक्षी अधीक्षक ने भी कृष्ण को आदर्श व्यक्तित्व और महान मार्गदर्शक बताते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने की बात कही।
चैंबर अध्यक्ष ने जताया सदस्यों और शहरवासियों का आभार
चैंबर अध्यक्ष विकास शेट्टी ने अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सदस्यों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि चैंबर को बने अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन सदस्यों और शहरवासियों ने जिस तरह विश्वास और प्रेम जताया है, वह बड़ी जिम्मेदारी है। पूरी टीम के सहयोग से आगे भी समाज और व्यवसाय जगत के हित में बेहतर कार्य करने का प्रयास जारी रहेगा। डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ ने वर्तमान समय में कृष्ण के विचारों और उनके मार्गदर्शन की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ आयोजन
कार्यक्रम में सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। अर्बन रेस्टोरेंट की ओर से खाने का स्टॉल भी लगाया गया। प्रशासन, पुलिस, आयोजन समिति और स्वयंसेवकों के समन्वय से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। मेदिनीनगर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री का यह आयोजन शहर में सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक एकजुटता की मिसाल बनकर सामने आया।

