दाढ़ी बनवाकर घर लौट रहे थे शिक्षक
हजारीबाग जिले के पदमा थाना क्षेत्र के सूर्यपूरा में रविवार सुबह एक सेवानिवृत्त शिक्षक को बाइक सवार अपराधी ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल की पहचान रामजय प्रसाद मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रामजय मेहता सूर्यपूरा चौक के पास दाढ़ी बनवाने गए थे। दाढ़ी बनवाकर पैदल घर लौटने के दौरान पीछे से आए एक बाइक सवार ने उन पर गोली चला दी। हमलावर हेलमेट पहने हुए था और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
कमर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल
गोली कमर में लगने से रामजय प्रसाद मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है। वहीं, परिजनों ने अपराधी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

