नक्सलियों की साजिश या कुछ और? जंगल में खुखड़ी चुन रहे ग्रामीण के हाथ में फटा संदिग्ध बम, मच गया हड़कंप

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड के पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां काचन गांव के जंगल में खुखड़ी तोड़ने गए एक ग्रामीण की जिंदगी खतरे में पड़ गई। जमीन के अंदर छिपे एक संदिग्ध बम के अचानक फटने से 55 वर्षीय शनिचर राम का बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।

बिल के अंदर हाथ डालते ही हुआ धमाका

यह घटना मंगलवार सुबह करीब सात बजे की है। काचन गांव के रहने वाले शनिचर राम (पिता रामवृक्ष मोची) गांव के पास स्थित जंगल में खुखड़ी की तलाश में गए थे। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, वह जमीन पर बने एक बिल के पास पहुंचे और जैसे ही उन्होंने अंदर हाथ डाला, वैसे ही तेज धमाका हुआ। इस विस्फोट की चपेट में आने से उनका बायां हाथ गंभीर रूप से क्षत-विक्षत हो गया। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और दहशत का माहौल है।

Advertisement

अस्पताल में इलाज जारी, नक्सलियों पर आशंका

विस्फोट की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आनन-फानन में घायल शनिचर राम को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने के कारण फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

​प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि जंगल में इस तरह का विस्फोटक नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखा गया हो सकता है। हालांकि, बम वहां कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी है और गहन छानबीन की जा रही है।

Share This Article