धनबाद में ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का पर्दाफाश, शादी के नाम पर ठगी; 10 गिरफ्तार

Reena Sharma
2 Min Read

राजस्थान के युवक को झूठी शादी के जाल में फंसाने का मामला

धनबाद में शादी के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ समेत गिरोह के 10 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। सात सितंबर की देर शाम राजस्थान निवासी रमेश नट ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार सपना नाम की महिला ने तीन सितंबर को फोन कर रमेश के भतीजे की शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीर भेजी थी। इसके बाद रमेश अपने भाई, भतीजे और भाभी के साथ धनबाद पहुंचे।

खरीदारी के बाद गांव में कराया सिंदूरदान, फिर मारपीट कर भगाया

पीड़ित परिवार के मुताबिक धनबाद पहुंचने पर गिरोह में शामिल महिला और पुरुषों ने पहले शादी के लिए खरीदारी कराई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाकर युवक की मांग में सिंदूर भरवाया गया और शादी होने की बात कही गई। लड़के वालों से घर चलकर भोजन करने को कहा गया। उनके आनाकानी करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और वहां से भगा दिया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

फोन लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, कपड़े और गहने बरामद

पुलिस ने फोन लोकेशन के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और गहने भी बरामद किए गए हैं। डीएसपी कुमार बिनोद ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास सोनरिया, राजेश कुम्हार खरनी, मंतोष साव बाबूडीह, सुमन विश्वकर्मा महुदा, चंदन शर्मा भूली, नीलम देवी सरायढेला, पूजा कुमारी तिसरा, मकरी देवी चरकबरई, विशु यादव इसरी और राजेंद्र साव गिरिडीह के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Advertisement

Share This Article