अब थाने के चक्कर काटने से मुक्ति, जमशेदपुर पुलिस का ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट लॉन्च, व्हाट्सएप पर मिलेंगी तमाम सुविधाएं

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:अब शहरवासियों को छोटे-छोटे कामों या पुलिस से जुड़ी जानकारियों के लिए थानों और पुलिस कार्यालयों के अनगिनत चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नागरिकों की राह आसान करते हुए एक बेहद उपयोगी डिजिटल पहल की है, जिसका नाम ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट है। इस नई सुविधा के आने से अब पुलिस महकमे से जुड़ी कई जरूरी सेवाएं सीधे आपके स्मार्टफोन पर व्हाट्सएप के जरिए उपलब्ध होंगी।

घर बैठे एक मैसेज पर समाधान
​पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा शुरू किए गए इस व्हाट्सएप चैटबॉट का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। आम नागरिक अपने मोबाइल फोन से 9471167577 नंबर पर सिर्फ ‘Hi’ लिखकर इस सेवा की शुरुआत कर सकते हैं। इसके अलावा, पुलिस द्वारा जारी किए गए आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन करके भी सीधे इस चैटबॉट से जुड़ना मुमकिन है।

इन प्रमुख सेवाओं का मिलेगा लाभ
​’जोहार पुलिस’ चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को कई अहम पुलिस सेवाओं और शिकायतों के निस्तारण में सहूलियत मिलेगी।
खोया हुआ मोबाइल: अगर आपका मोबाइल फोन गुम हो गया है, तो उससे जुड़ी सहायता और जानकारी इस पर मिल सकेगी।
साइबर क्राइम: साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने और जरूरी निर्देश प्राप्त करने की सुविधा।
यातायात और चालान: ट्रैफिक से जुड़े मामलों और ई-चालान की अद्यतन जानकारी।
सत्यापन और प्रमाण पत्र: पासपोर्ट वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र और पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़ी प्रक्रिया।
अन्य सहूलियतें: नजदीकी थाने की जानकारी, महिला सुरक्षा सहायता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए मदद और अपनी शिकायत या फीडबैक दर्ज कराने का विकल्प।
​पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने तकनीक का यह कदम उठाते हुए आम जनता से अपील की है कि वे इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बिना पुलिस कार्यालय की लंबी कतारों में खड़े हुए घर बैठे अपनी परेशानियों का समाधान पाएं।

Advertisement
Share This Article