खूनी साजिश का पर्दाफाश: आपसी रंजिश में दोस्तों ने ही ली अमित की जान, चौंकाने वाले खुलासे

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के आरआईटी थाना क्षेत्र में हुए अमित सरदार हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मृतक के चार दोस्तों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो लोहे के हथौड़े, खून के साक्ष्य छिपाने के काम आए पत्थर, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, और एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

दोस्ती की आड़ में रची गई खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार मृतक अमित सरदार और उसके चारों आरोपी दोस्त एक-आपसी रंजिश के चलते आमने-सामने आ गए थे। आरोपियों की पहचान दिकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू निवासी कृष्णापुर टोला राहरगोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर-2, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुर और मिलन सिंह निवासी सतवहनी धीरजगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि विवाद के बाद आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से अमित के सिर पर लोहे के हथौड़े से जोरदार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अपराध छिपाने के लिए रची गई साजिश
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने गुनाह पर पर्दा डालने की नापाक कोशिश की। साक्ष्य को पूरी तरह मिटाने की नीयत से उन्होंने अमित के शव को उठाकर रेलवे लाइन पर फेंक दिया, ताकि यह मामला किसी हादसे या आत्महत्या का प्रतीत हो। 25 जुलाई को रेलवे ट्रैक से शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

Advertisement

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक की मां बैहुल्या देवी के लिखित आवेदन पर आरआईटी थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने पूरे मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तकनीकी शाखा और मुखबिरों की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपियों को दबोच लिया। छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, विमलेश कुमार महतो और संजीत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Share This Article