त्योहारों से पहले चमकेगा शहर: विसर्जन घाटों की सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर डीसी ने दिए सख्त निर्देश

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : आगामी त्योहारों और शहर की साफ़-सफाई को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में नगर निकायों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शहर की स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।

त्योहारों को लेकर प्रशासन की तैयारी
​विश्वकर्मा पूजा और आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर डीसी ने सभी नगर निकायों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विसर्जन घाटों की विशेष सफाई समय रहते पूरी कर ली जाए। इसके साथ ही घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

सफाई और कचरा प्रबंधन पर जोर
​शहर की स्वच्छता की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित कचरा उठाव, सड़कों की धुलाई और नालियों की तली झाड़ सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कचरा डंपिंग जोन की व्यवस्था को सुधारने और कचरे का वैज्ञानिक तरीके से सही जगह पर निष्पादन करने के निर्देश दिए ताकि शहर में गंदगी न फैले।

Advertisement

लंबित मामलों पर नाराजगी और निर्देश
​नागरिक सेवाओं की समीक्षा के दौरान जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के पेंडिंग मामलों पर विशेष चर्चा हुई। डीसी ने दो टूक शब्दों में कहा कि इन प्रमाण पत्रों के लिए आने वाले आवेदनों को बिना वजह लंबित न रखा जाए। तय समय-सीमा के भीतर सभी औपचारिकताएं पूरी कर पात्र लोगों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएं।
​बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जेएनएसी नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त जितेन्द्र यादव समेत अन्य प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। अंत में, अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्यों के साथ-साथ वे अपने विभागीय दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और आपसी तालमेल के साथ निर्वहन करें।

Share This Article