डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर में एक युवती से मोबाइल झपटकर भागने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की और जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट के पास से उसे धर दबोचा। पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
ऐसे शिकंजे में आया आरोपी
घटना 20 सितंबर की दोपहर करीब 2:35 बजे की है। ब्रह्म पथ के पास एक बाइक सवार युवक ने सड़क पर चल रही एक युवती के हाथ से मोबाइल झपट लिया और तेजी से फरार हो गया। इस मामले में मानगो थाना में कांड संख्या दर्ज कर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान जब पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो आरोपी की पहचान पुख्ता हो गई। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे फॉरेस्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
कपाली का रहने वाला है शातिर
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान कपाली थाना क्षेत्र के गौस नगर, बेल चौक निवासी 26 वर्षीय कलामुद्दीन उर्फ कलाम के रूप में हुई है।
बरामदगी और पुराना आपराधिक इतिहास
लूटा गया मोबाइल: रेडमी कंपनी का रोज गोल्ड रंग का स्मार्टफोन।
वाहन: घटना में प्रयुक्त हीरो एक्सट्रीम 160आर मोटरसाइकिल (जेएच05ईएच-0465)।
कपड़े: वारदात के समय आरोपी द्वारा पहनी गई हल्के हरे रंग की फुल शर्ट।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कलामुद्दीन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साकची और आजादनगर थाना क्षेत्र में भी पहले से मामले दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने इससे पहले किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

