दुर्गापूजा से पहले दारू थाना क्षेत्र के हरली गांव में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना पर लक्ष्मण प्रसाद के घर छापेमारी कर करीब 350 पेटी नकली शराब बरामद की गई। बरामद सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई है।
रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंजर की बोतलें मिलीं
छापेमारी में रॉयल स्टैग और रॉयल चैलेंजर की भरी व खाली बोतलें, रैपर और नकली शराब मिली। बड़ी संख्या में खाली बोतल और रैपर मिलने से नकली शराब की पैकिंग किए जाने की आशंका है।
एक व्यक्ति गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब यहीं तैयार की जा रही थी या बाहर से लाकर यहां स्टॉक की गई थी।
दुर्गापूजा में खपाने की आशंका
त्योहारी सीजन से पहले इतनी बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने से इसके दुर्गापूजा में खपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू
संयुक्त टीम ने नकली शराब के निर्माण, भंडारण और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब कहां से आती थी और किन इलाकों में इसकी आपूर्ति की जानी थी।

