​जमशेदपुर ट्रैफिक जाम: ओवरब्रिज पर पलटा ट्रक, घंटों थमी रही रफ्तार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:शनिवार सुबह टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप बर्मामाइंस ओवरब्रिज पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब औद्योगिक सामान से लदा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग पर पलट गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन व्यस्त समय में सड़क बाधित होने के कारण यात्रियों और कामगारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कैसे हुआ हादसा?
​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयशर ट्रक (संख्या JH 05 DD 9727) पर टाटा मोटर्स से जुड़ा ऑटोमोबाइल सामान लोड था। जब वाहन ओवरब्रिज के मोड़ से गुजर रहा था, तभी अचानक लोड एक तरफ खिसक गया। वजन असंतुलित होने के कारण वाहन दाहिनी ओर सड़क पर जा गिरा। राहत की बात यह रही कि पलटने के वक्त ट्रक के आसपास कोई अन्य वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टलने में मदद मिली। चालक सुरक्षित रूप से वाहन से बाहर निकल आया।

घंटों थमी रही रफ्तार, लोग हुए परेशान
​सुबह करीब छह बजे जब मॉर्निंग शिफ्ट के कर्मचारी, स्कूल बसें और ट्रेन पकड़ने वाले यात्री घर से निकले, तो सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बर्मामाइंस, जुगसलाई और टाटानगर स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए।
​
​ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को रास्ते से हटवाया और एक-एक करके यातायात को सुचारू किया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मांग की है कि औद्योगिक वाहनों की लोडिंग और माल की सुरक्षा की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बचा जा सके।

Share This Article