पायलट स्मित मच्छर के जज्बे को सलाम, संजय सेठ ने विपक्ष पर भी साधा निशाना

Reena Sharma
3 Min Read

गढ़वा में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने फ्लाईदुबई के पायलट स्मित मच्छर के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सैकड़ों लोगों की जान बचाना ही सच्चा गौरव है। स्मित मच्छर ने अपने धैर्य और साहस से हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

स्मित मच्छर के साहस की सराहना

वडनगर से वाराणसी तक निकली मोटरसाइकिल यात्रा के छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर स्वागत के लिए गढ़वा पहुंचे संजय सेठ ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमेशा लोगों की जान बचाने और मानवता की रक्षा करने की रही है। उन्होंने कहा कि हम बुद्ध के उपासक हैं, लेकिन कोई छेड़े या परेशान करे तो शिव का तांडव करना भी जानते हैं।

संकट में दिखाया धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा

संजय सेठ ने कहा कि संकट की घड़ी में स्मित मच्छर ने जिस धैर्य, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, उससे सैकड़ों लोगों की जान बची। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दो दिन पहले स्मित मच्छर से बातचीत की थी। बातचीत में स्मित ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना आइकॉन बताया और कहा कि संकट के समय वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे।

स्मित के स्वस्थ होने की कामना

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि दुनिया के बड़े नेताओं ने भी स्मित मच्छर के साहस की सराहना की है। उन्होंने उनके स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष पर निशाना साधते हुए संजय सेठ ने कहा कि जब भारत की बेटियां 44 साल बाद गोल्ड मेडल जीतती हैं तो विपक्ष के नेता उन्हें बधाई तक नहीं देते। उन्होंने कहा कि भारत ने कई पदक जीते और पूरी दुनिया से बधाइयां आईं, लेकिन विपक्ष की ओर से कोई शुभकामना नहीं मिली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को न भारत का विकास पसंद है, न चुनाव आयोग और न ही देश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था। लगातार हार के बावजूद विपक्ष ने सबक नहीं लिया है। अब उनका एक ही कर्तव्य रह गया है—मैं, मेरी मां, मेरी बहन और मेरी कुर्सी।

Share This Article