धनबाद में भ्रूण लिंग जांच पर प्रशासन का शिकंजा, दो डायग्नोस्टिक सेंटरों की अल्ट्रासाउंड मशीनें सील

Reena Sharma
2 Min Read

धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर गुरुवार को सरायढेला स्थित न्यू रिलीफ डायग्नोस्टिक सेंटर और तोपचांची जांच घर में औचक निरीक्षण किया गया। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे की निगरानी में सिविल सर्जन द्वारा गठित छह सदस्यीय जांच टीम ने यह कार्रवाई की।

न्यू रिलीफ डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ गंभीर शिकायत

उपायुक्त ने बताया कि सरायढेला स्थित न्यू रिलीफ डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ गंभीर शिकायत मिली थी। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए छह सदस्यीय टीम गठित की गई थी।

गर्भवती महिला के भ्रूण लिंग परीक्षण का संदेह

जांच में कतरास की एक गर्भवती महिला का कथित तौर पर अवैध भ्रूण लिंग परीक्षण कराए जाने का संदेह सामने आया। इसके बाद संबंधित केंद्र की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया।

तोपचांची जांच घर पर भी कार्रवाई

तोपचांची स्थित तोपचांची जांच घर में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के उल्लंघन का मामला सामने आने पर वहां की अल्ट्रासाउंड मशीन भी सील कर दी गई। उपायुक्त ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया है।

छह सदस्यीय टीम ने की जांच

जांच दल में कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, सदर अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अयोध्या कुमार, पीसी एंड पीएनडीटी समिति के सलाहकार एवं रेडियोलॉजिस्ट डॉ. तबरेज आलम, सहायक नोडल पदाधिकारी डॉ. विकास राणा, रविश चन्द्र सिन्हा, रत्नेश श्रीवास्तव और पूजा रत्नाकर शामिल थे।

Share This Article