कल्पना सोरेन से मिले पलामू के युवा झामुमो नेता अविनाश देव, कार्यकर्ता सेमिनार में संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

Reena Sharma
3 Min Read

गिरिडीह : गिरिडीह के मंगल उपवन हॉल में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से आयोजित गिरिडीह विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सेमिनार में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम में गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पार्टी महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, महासचिव फागु बेसरा, दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा और गिरिडीह की मेयर सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस सेमिनार में पलामू के युवा झामुमो नेता अविनाश देव ने भी भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात कल्पना सोरेन से हुई।

संगठन की मजबूती और बूथ समितियों के गठन पर जोर

सेमिनार में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र की 54 पंचायतों एवं 36 वार्डों में संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने के साथ प्रत्येक पंचायत और वार्ड में 21 सदस्यीय बूथ समितियों के गठन पर जोर दिया गया। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित कराने के लिए भी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की बात कही गई।

कल्पना सोरेन को बताया महिला सशक्तीकरण का प्रतीक

कार्यक्रम से लौटने के बाद अविनाश देव ने कहा कि गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर झामुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर भरोसा रखती है।

कल्पना सोरेन महिला सशक्तीकरण की प्रतीक हैं। उनकी सक्रियता महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक रूप से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

सुदिव्य कुमार सोनू के योगदान को किया याद

अविनाश देव ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के विकास और जनता के हित में जो काम किए हैं, उन्हें क्षेत्र के लोग हमेशा याद रखेंगे। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि जनता उनके कार्यों और योगदान को सम्मान देते हुए झामुमो को अपना समर्थन दे।

हेमंत सोरेन के नेतृत्व पर जताया भरोसा

अविनाश देव ने विश्वास जताया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व, कल्पना सोरेन की सक्रिय भूमिका और सुदिव्य कुमार सोनू के कार्यों की विरासत के साथ झामुमो कार्यकर्ता आगामी उपचुनाव में जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।

Share This Article