नेपाल में बड़ा हवाई हादसा: फेरिचे हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टर क्रैश, मलबे में तब्दील हुए दोनों विमान

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : मंगलवार सुबह नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में एक बड़ा हवाई हादसा पेश आया है। सोलुखुम्बु जिले के फेरिचे हेलीपैड पर उतरने के दौरान ‘फिश टेल एयर’ और ‘डायनेस्टी एयर’ के दो छोटे हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस भयानक टक्कर में एक यात्री की जान चली गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब दोनों हेलीकॉप्टर एक ही समय पर फेरिचे हेलीपैड पर लैंड करने की कोशिश कर रहे थे। खराब मौसम और पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक चुनौतियों के बीच हुई इस आमने-सामने की टक्कर ने आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मचा दिया।

हताहतों की पहचान और राहत कार्य
मृतक की जानकारी: शुरुआती रिपोर्ट्स में जहां एक विदेशी नागरिक की मौत की पुष्टि की गई थी, वहीं स्थानीय पुलिस प्रमुख मौसम तमांग के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान भारतीय नागरिक बसंत कुमार बालाारामारामडु के रूप में हुई है।

घायलों का हाल: हादसे में घायल हुए दो लोगों में से एक की पहचान भारतीय नागरिक शैलश कृष्ण पटेल के रूप में हुई है, जबकि दूसरा घायल शख्स न्यूजीलैंड का नागरिक है। घायलों को तुरंत हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पायलट और विमान: ‘फिश टेल एयर’ के हेलीकॉप्टर को कैप्टन प्रज्जवल केसी उड़ा रहे थे, जबकि ‘एयर डायनेस्टी’ के हेलीकॉप्टर की कमान कैप्टन रबिंद्र प्रजापति के हाथ में थी। इस दुर्घटना में कैप्टन प्रजापति भी घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ‘सिमरिक एयर’ का रेस्क्यू हेलीकॉप्टर तुरंत मौके पर पहुंचा और राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्थानीय प्रशासन और नेपाल पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Share This Article