पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान हुई हिंसक झड़प और पुलिस टीम पर पथराव व हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार गठित विशेष छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हुई थी हिंसक झड़प
पुलिस के अनुसार, 09 नवंबर 2026 की शाम रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट और हिंसक झड़प की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेहला थाना प्रभारी पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटनास्थल पर करीब 200 से 300 लोगों की भीड़ जमा थी।
समझाने पहुंची पुलिस पर भीड़ ने किया हमला
इसी दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर भी अपने अंगरक्षकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर शांति स्थापित करने का प्रयास किया। हालांकि, भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने लोगों को पुलिस के खिलाफ उकसाना शुरू कर दिया, जिससे भीड़ उग्र हो गई। इसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों को खदेड़ने का भी प्रयास किया गया।
आत्मरक्षा में पुलिस को करनी पड़ी हवाई फायरिंग
पुलिस के अनुसार, स्थिति नियंत्रित करने के लिए पहले हल्का बल प्रयोग किया गया, लेकिन भीड़ के और अधिक उग्र होने पर पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस घटना में कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी जख्मी हो गए, जबकि सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। मामले को लेकर रेहला थाना कांड संख्या 122/2026, दिनांक 09.11.2026 दर्ज किया गया है।
विशेष टीम ने छापेमारी कर 8 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विश्रामपुर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान की और कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पिंटु कुमार चौधरी, विकास कुमार चौधरी, रोहित कुमार चौधरी, कंचन कुमार चौधरी, विकास चौधरी, धर्मदेव चौधरी, बिनोद चौधरी, बिजय कुमार चौधरी।
सभी गिरफ्तार अभियुक्त रक्साहा गांव, थाना रेहला, जिला पलामू के निवासी हैं।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील
पलामू पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद के दौरान कानून को अपने हाथ में न लें और शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि विधि-व्यवस्था भंग करने, पुलिस बल पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

