गया। बेलागंज थाना क्षेत्र के पिपरा मोड़ के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान रंजन यादव के पुत्र रोशन कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान अरविंद यादव के पुत्र रविशंकर कुमार के रूप में की गयी है। दोनों पनारी गांव के निवासी बताये जाते हैं।
टक्कर के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने रविवार को बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे में शामिल पिकअप वाहन जब्त
दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन संख्या BR 02 GE-4790 को पुलिस ने जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
एक की मौत से परिवार में पसरा मातम
हादसे में रोशन कुमार की मौत के बाद उनके परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, घायल रविशंकर कुमार की गंभीर स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं।

