डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड-ओडिशा सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के तरीकों में तस्कर लगातार नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं, लेकिन पूर्वी सिंहभूम पुलिस की सतर्कता ने एक बार फिर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के जामशोला चेकनाका (एनएच-49) पर जांच के दौरान पुलिस को एक ऐसी कार मिली, जिसकी बनावट और भीतर छिपाए गए सामान को देखकर हर कोई चौंक गया।
कार की बॉडी काटकर बनाया था सुरंगनुमा ठिकाना
जानकारी के अनुसार तस्करों ने आम जांच से बचने के लिए सफेद रंग की महिंद्रा जाइलो कार (OD02Z-8532) की डिक्की के बॉडी पार्ट को काटकर एक गुप्त तहखाना तैयार कर रखा था। बाहर से गाड़ी सामान्य नजर आती थी, लेकिन भीतर सुरंगनुमा जगह बनाकर तस्करी का माल छिपाया गया था। 22 नवंबर की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर जब वाहन जांच अभियान के दौरान इस गाड़ी को रोका गया और बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजा राम सिंह मुंडा की मौजूदगी में तलाशी ली गई, तो इस गुप्त हिस्से से एक-एक किलो के 44 पैकेट गांजा बरामद हुआ. जब्त गांजे की कुल मात्रा 44 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है।
कंधमाल से निकलकर खड़गपुर तक फैला था रूट
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान ओडिशा के संबलपुर जिले के नाकटीडौल थाना क्षेत्र निवासी भामावती/भावग्राही साहू (40) और ध्रुव चरण बेहरा (50) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि यह खेप ओडिशा के फुलबानी (कंधमाल) जिले से लाई जा रही थी और इसे पश्चिम बंगाल के खड़गपुर समेत अन्य इलाकों में खपाने की तैयारी थी। यानी झारखंड के बहरागोड़ा और एनएच-49 का इस्तेमाल ओडिशा से बंगाल तक नशे की खेप पहुंचाने के कॉरिडोर के तौर पर किया जा रहा था।
नकदी, मोबाइल और एसयूवी जब्त, सख्त धाराओं में केस
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही जाइलो कार, 20,760 रुपये नकद तथा एक एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस कार्रवाई को लेकर बहरागोड़ा थाना में कांड संख्या 68/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी इस बड़ी बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क में खलबली मचने की चर्चा है।

