मोबाइल पर रील्स बनाने से नाराज माता-पिता ने ली 14 साल की बेटी की जान, पीट-पीटकर हत्या के बाद खदान में फेंका शव

Reena Sharma
3 Min Read

झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने अपनी ही 14 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोप में एक आदिवासी दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बेटी के हमेशा मोबाइल फोन चलाने और रील्स बनाने से माता-पिता नाराज थे। इसी गुस्से में उन्होंने उसे इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को रवींद्र मुर्मू और उनकी पत्नी सुमानी को गिरफ्तार किया। करीब दो हफ्ते पहले, 13 नवंबर को कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह गांव में एक बंद पड़ी खदान से उनकी बेटी का शव मिला था।

बेटी की हत्या कर खदान में फेंका शव

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता कनकलता मुर्मू की 10 नवंबर को कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद माता-पिता ने उसका शव बंद पड़ी खदान में फेंक दिया। आरोपी दंपति ने ग्रामीणों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते हुए दावा किया था कि आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली उनकी बेटी लापता हो गई है। 13 नवंबर को शव मिलने के बाद पूरा मामला सामने आया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

पूछताछ में पुलिस के सामने कबूल किया जुर्म

पुलिस ने बताया कि शव मिलने के बाद दंपति के संदिग्ध व्यवहार से उन पर शक हुआ, लेकिन ठोस सबूत नहीं होने के कारण तत्काल कार्रवाई नहीं की जा सकी। पुलिस ने मामले की गहन जांच की और सबूत जुटाए। तकनीकी मदद और मानवीय खुफिया जानकारी के जरिए पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद दंपति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

डंडे से पीटने के कारण हुई बेटी की मौत

कमलपुर थाने के प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि दंपति को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। हत्या की वजह के बारे में उन्होंने बताया कि माता-पिता को इस बात पर आपत्ति थी कि उनकी बेटी मोबाइल फोन पर ज्यादा समय बिताती थी और रील्स बनाती थी। इसी नाराजगी में उन्होंने कथित तौर पर उसे डंडे से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई।

अपराध में किसी और के शामिल होने की भी जांच

पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि हत्या और शव को खदान में फेंकने की घटना में आरोपी दंपति के अलावा कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

Share This Article