Jamshedpur : शहीद निर्मल महतो के 37 वें शहादत दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हुए शामिल हुए सीएम हेमन्त सोरेन, उलियान में समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

Manju
By Manju
5 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : अमर शहीद निर्मल दा। एक ऐसी शख्सियत, जो झारखंड अलग राज्य आंदोलन के एक अहम स्तंभ थे। अलग राज्य के लंबे समय तक चले संघर्ष में उनका योगदान कभी भुल नहीं सकते हैं। आज उनका बलिदान दिवस है। इस अवसर पर सभी अमर वीर शहीदों को शत-शत नमन। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज अमर वीर शहीद निर्मल महतो जी के 37 वें बलिदान दिवस पर उलियान, जमशेदपुर स्थित उनके समाधि स्थल व यहां स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

हमारी सरकार ने लिए हैं कई ऐतिहासिक निर्णय

मुख्यमंत्री ने अमर शहीद निर्मल महतो जी के शहादत दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने राज्यवासियों के हित में कई ऐतिहासिक और निर्णायक कदम उठाए हैं। हमारी सरकार ने सरकारी कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना लागू कर उनके बुढ़ापे की लाठी प्रदान की है। वही बुढ़ापे में कोई पेंशन से वंचित न रहे, इसके लिए सर्वजन पेंशन योजना शुरू की है। ऐसे ही अनेकों योजनाएं हैं , जिसका सीधा फायदा इस राज्य के आदिवासी, दलित,गरीब, मजदूर किसान, महिला और नौजवानों समेत हर वर्ग और तबके को हो रहा है। हम अपनी योजनाओं के माध्यम से इस राज्य की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य निरंतर करते आ रहे हैं।

Advertisement

सरकार की योजनाओं से जुड़े, दूसरों को जुड़ने के लिए भी प्रेरित करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा अनेकों योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपनी जरूरत की योजनाओं से जुड़े और जिन्हें इन योजनाओं की जानकारी नहीं है, उन्हें इसकी जानकारी देकर योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित करें । सभी के सहयोग और भागीदारी से सभी को राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार संकल्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। महिलाएं आगे बढ़े, इसके लिए कई योजनाएं हैं। इसी कड़ी में झारखंड मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना की शुरुआत हो रही है। इस योजना के अंतर्गत 21 से 50 वर्ष तक की महिलाओं को हर महीने एक हज़ार रुपए की सम्मान राशि दी जाएगी। राज्य की ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इसका लाभ मिले, इसके लिए इसके आवेदन की प्रक्रिया को काफी सरल रखा गया है। महिलाएं आगे आएं और इस योजना से जुड़कर अपनी प्रगति का एक नया रास्ता बनाएं।

नियुक्ति नियमावली बनाई, नौजवानों को बड़े पैमाने पर मिल रहा रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के नौजवानों को सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में यहां ना तो नियुक्ति नियमावली ही बनी और ना ही नियुक्तियों को लेकर कोई ठोस प्रयास किए गए। लेकिन, हमारी सरकार नियुक्ति नियमावली बनाकर सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्तियां कर रही हैं। वहीं, निजी संस्थाओं और संस्थानों में भी हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।

जब हमारे बच्चे आगे बढ़ेंगे तो राज्य भी आगे बढ़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर शिक्षा से बच्चों का बेहतर भविष्य बन सकता है। जब बच्चे पढ़- लिख कर आगे बढ़ेंगे तो राज्य भी आगे बढ़ेगा। यही वजह है कि हमारी सरकार बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी गरीब बच्चों की पढ़ाई पैसे की तंगी की वजह से प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षा से जुड़ी कई योजनाएं चल रही हैं। हमारी सरकार ने गुरु जी क्रेडिट कार्ड योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत बच्चों को 15 लाख रुपए तक का शिक्षा लोन सरकार अपनी गारंटी पर दे रही है। हमारे आदिवासी- दलित गरीब बच्चे पढ़ लिख कर ऊंचे पदों पर पहुंचे, इसी सोच के साथ हम अपनी योजनाओं को धरातल पर उतर रहे हैं।

Share This Article