HomeJharkhand Newsधनबाद बना झारखंड का सबसे सुरक्षित सड़क यातायात जिला : जीता राष्ट्रीय...

धनबाद बना झारखंड का सबसे सुरक्षित सड़क यातायात जिला : जीता राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का प्रथम स्थान, दुर्घटनाओं में आई भारी कमी

रांची। झारखंड में 1 जनवरी से 31 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन राजधानी रांची स्थित होटल रेडिसन ब्लू में किया गया। इस अवसर पर राज्यभर के अधिकारी एकत्र हुए और सड़क सुरक्षा को लेकर किए गए उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में यातायात पुलिस उपाधीक्षक अरविंद सिंह, मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर अभय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर द्विवेदी सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य अधिकारी और टीम के सदस्य मौजूद रहे।

धनबाद बना पहला, दुमका-दूसरा, गिरिडीह-तीसरे स्थान पर

सड़क सुरक्षा के तहत दुर्घटनाओं में कमी लाने और जागरूकता फैलाने वाले जिलों को सम्मानित किया गया। इसमें धनबाद जिले ने पहला स्थान प्राप्त किया, जहां वर्ष 2023 की तुलना में 2024 में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। दूसरा स्थान दुमका और तीसरा स्थान गिरिडीह को मिला।

धनबाद में सड़क सुरक्षा के तहत लगातार जागरूकता अभियान चलाए गए। यातायात अधिकारियों ने लोगों को नियमों की जानकारी दी और हेलमेट वितरित कर संभावित दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास किया।

जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी द्विवेदी तथा ट्राफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में 435 दुर्घटना हुई थी। जिसमें 306 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। लेकिन प्रशासन के दुर्घटना में कमी लाने के प्रयास के कारण वर्ष 2024 में 349 दुर्घटना हुई, जिसमें 211 लोगों ने अपनी जान गंवाई।

सड़क सुरक्षा के प्रति बढ़ी जागरूकता

राज्य सरकार और यातायात विभाग के प्रयासों से झारखंड में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में और कमी लाई जा सके।

KK Sagar
KK Sagar
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....

Most Popular