मिरर मीडिया : बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर चक्रवाती तूफान जवाद का साया मडराने लगा है। लिहाज़ा चक्रवाती तूफान जवाद की वजह से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने की आशंका है। वहीं मौसम विभाग ने इन राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की अनुमानित भविष्यवाणी के अनुसार 24 घंटों में चक्रवाती तूफान जवाद के मजबूत होने के आसार है जो शनिवार यानी 4 दिसंबर तक आंध्र प्रदेश और ओडिशा तट तक पहुंच सकती है। इसके बाद यह चक्रवाती तूफान जवाद का रूप ले लेगी। इसको लेकर समुद्री तटों के आसपास रहने वाले मछुआरों को अलर्ट कर दिया गया है और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के लिए कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान जवाद की वजह से पश्चिम बंगाल के पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर जिलों में चार दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, झारग्राम और हावड़ा जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज से चार दिनों तक इन राज्यों में लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने मुंबई में भी भारी बारिश की आशंका चताई है। इसके अलावा गुजरात और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भी अलग-अलग जगह भारी बारिश हो सकती है। जबकि उत्तर-मध्य भारत में बारिश के आसार बन रहे हैं। इस वजह से उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में भी आने वाले दिनों में बारिश होती दिख सकती है।