जमुई -जमीन विवाद, पेंशन, आवास, बिजली सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादी, जिलाधिकारी ने की सुनवाई

KK Sagar
2 Min Read

जमुई, 04 अप्रैल 2025 (शुक्रवार) – जिला दंडाधिकारी सह समाहर्ता जमुई, अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से) ने आज समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए दर्जनों फरियादियों ने अपनी समस्याएँ प्रस्तुत कीं और न्याय की गुहार लगाई।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता दरबार में उठे प्रमुख मामले

Advertisement

जनता दरबार में भूमि बंटवारा, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, रैयती भूमि निबंधन, अनुग्रह भुगतान, खतियान, दखल-कब्जा, जमीन की नापी, इंदिरा आवास योजना, विकलांग पेंशन, विवादित भूमि पर अवैध निर्माण, चयन प्रक्रिया, जमाबंदी, सेवांत लाभ, सामाजिक सुरक्षा, श्रम संसाधन, स्वच्छता, अनुकंपा नियुक्ति, राशि गबन, रास्ता अवरुद्ध, मारपीट, बासगीत पर्चा, पक्की नली-गली, आंगनवाड़ी, गैर-मजरूआ भूमि, बिजली आपूर्ति सहित अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुँचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जनता को इन योजनाओं से जुड़ने और लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निष्ठापूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....