Bihar: नीतीश के मंत्री ने तेजस्वी को बताया फर्जी हिंदू, बोले- उनकी विश्वसनीयता खतरे में

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में नीतीश सरकार के मंत्री संजय सरावगी ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव फर्जी हिंदू हैं, जिन पर किसी भी कीमत पर विश्वास नहीं किया जा सकता है। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल ने सिर्फ बिहार को लूटने का काम किया है। बिहार को 15 साल तक लूटने वाले अब खुद को जनता का हितैषी बताने का ढोंग कर रहे हैं।

संजय सरावगी ने कहा कि इस पार्टी ने बिहार को पूरी तरह से खोखला कर दिया है. बिहार की प्रतिभा इनके शासनकाल में दूसरे राज्यों में चली गई। सभी डॉक्टर-इंजीनियर बिहार से पलायन कर गए और इन सबका जिम्मेदार अगर कोई है तो वह राष्ट्रीय जनता दल है, जिन्होंने अपने 15 सालों के शासनकाल में सिर्फ प्रदेश को खोखला करने का काम किया है।

तेजस्वी बयानबाज़ी में सबसे आगे रहते हैं-संजय सरावगी

Advertisement

संजय सरावगी यहीं नहीं रूके, उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कहने को तो विपक्ष के नेता हैं, लेकिन मजाल है कि किसी दिन वो विधानसभा में दिख जाएं। वो कभी भी विधानसभा में नहीं दिखते हैं, लेकिन बयानबाज़ी में सबसे आगे रहते हैं। ऐसी स्थिति में ऐसे लोगों पर क्या ही विश्वास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले तेजस्वी यादव मिथिला में अहिल्या महोत्सव में गए थे। वहां पर टीका-चंदन किया, लेकिन इनका दोहरा पैमाना देखिए कि वहां से कुछ देर जाने के बाद इन्होंने टीका मिटा भी दिया। यह लोग सिर्फ जरूरत पड़ने पर मंदिर जाते हैं।

फर्जी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनकर घूम रहे- संजय सरावगी

बीजेपी मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि अब ऐसे लोगों को बिहार की जनता पहचान रही है। इसी वजह से इन्हें नकारा जा रहा है। इनके पिता लालू प्रसाद यादव तो सजायाफ्ता हैं। इन्हीं सब स्थिति को देखते हुए अब बिहार की जनता इन लोगों पर किसी भी कीमत पर विश्वास करने की स्थिति में नहीं है। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की ओर संकेत करते हुए कहा कि ये लोग फर्जी रूप से मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री बनकर घूम रहे हैं। इन लोगों को यह नहीं पता है कि बिहार की जनता ने एक बार फिर से नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री और सम्राट चौधरी को उपमुख्यमंत्री के रूप में चुन लिया है।

Share This Article