पंजाब समेत 4 राज्यों की 5 सीटों पर कांटे की टक्कर, AAP-कांग्रेस-TMC में ज़बरदस्त मुकाबला, जानें किसे कहां बढ़त

KK Sagar
3 Min Read

देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इन सीटों पर 19 जून को वोटिंग कराई गई थी। अब तक जो रुझान सामने आए हैं, उसके अनुसार आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। सबसे ज्यादा नजर पंजाब की हाई-प्रोफाइल लुधियाना वेस्ट सीट और गुजरात की दो विधानसभा सीटों कडी (SC) और विसावदर पर टिकी है।

पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर AAP आगे

पंजाब की प्रतिष्ठित लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा को कांग्रेस के भारत भूषण आशु पर बढ़त मिल गई है। दूसरे राउंड की गिनती के बाद अरोड़ा 2482 वोटों से आगे चल रहे हैं। पहले राउंड में यह बढ़त 1269 वोटों की थी। यह सीट जनवरी में AAP विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के बाद खाली हुई थी।

इस सीट से AAP की ओर से राज्यसभा सदस्य और उद्योगपति संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को टिकट दिया जबकि बीजेपी की तरफ से वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता और शिरोमणि अकाली दल ने परुपकार सिंह घुम्मन को उतारा है।

बंगाल की कालीगंज सीट पर TMC की बढ़त

पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार अलीफा अहमद 10 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रही हैं। अलीफा TMC विधायक रहे नसीरुद्दीन अहमद की बेटी हैं जिनके निधन के बाद यह उपचुनाव कराया गया। यहां 70% वोटिंग दर्ज की गई थी।

केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस की पकड़

केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी आर्यदान शौकत (UDF) 5448 वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां कुल 10 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। यह सीट एलडीएफ विधायक अनवर के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी, जिन्होंने आरोपों के चलते पार्टी से नाता तोड़ लिया था।

गुजरात की विसावदर सीट पर BJP को बढ़त

गुजरात की विसावदर सीट पर शुरुआती राउंड्स में पिछड़ने के बाद अब भाजपा के किरीट पटेल ने AAP के गोपाल इटालिया पर बढ़त बना ली है। छठे राउंड की गिनती के बाद पटेल 411 वोटों से आगे चल रहे हैं। यह सीट AAP विधायक भूपेंद्र भयानी के बीजेपी में शामिल होने के बाद खाली हुई थी।

गुजरात की कडी सीट पर भाजपा भारी

गुजरात की कडी (SC) आरक्षित सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा 13195 मतों से आगे चल रहे हैं। यह सीट भाजपा विधायक करसन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई थी। कांग्रेस ने यहां से पूर्व विधायक रमेश चावड़ा को टिकट दिया था।

TAGGED:
Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....