डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चर्चित मोहम्मद जब्बार हत्याकांड और हाल ही में हुई माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से 1.5 लाख की लूट व फायरिंग मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी तारिक कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल और एक जिंदा गोली भी बरामद की है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
7 साल पहले तड़के सुबह गोलियों से भून डाला था
मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ अरविंद बिन्हा ने बताया कि करीब सात साल पहले कपाली ओपी क्षेत्र के डेमडुब्बी इलाके में पूर्व चालक मोहम्मद जब्बार की तड़के सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस तफ्तीश में डेमडुब्बी अंसार नगर निवासी तारिक कुरैशी का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया था, जो घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपनी पहचान छिपाकर महाराष्ट्र के नागपुर में रह रहा था।
कपाली में माइक्रो फाइनेंस कर्मियों से लूट में भी था हाथ
हाल ही में कपाली के डेमडुब्बी इलाके में ही हथियार के बल पर एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से करीब डेढ़ लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से एक राउंड हवाई फायरिंग भी की थी। पुलिस को घटनास्थल से एक खाली खोखा मिला था, जबकि लूट की यह पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
विशेष टीम ने जाल बिछाकर दबोचा
एसडीपीओ अरविंद बिन्हा के मुताबिक, इन दोनों गंभीर मामलों को देखते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसके बाद आखिरकार मोस्ट वांटेड अपराधी तारिक कुरैशी को दबोच लिया गया।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अब गिरफ्त में आए आरोपी तारिक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

