बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं। शनिवार की शाम वो दिल्ली रवाना हुए थे। रविवार को दिल्ली में उन्होंने बीजेपी के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। दिल्ली में सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात की। इसी क्रम में सीएम सम्राट चौधरी ने बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रत्न लालकृष्ण आडवाणी से भी भेंट की।
आडवाणी का मार्गदर्शन ऊर्जा-प्रेरणा और दृढ़ संकल्प का स्रोत-सीएम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें संगठन और विचारधारा के स्तंभ, हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक, वरिष्ठ भाजपा नेता, देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, ‘भारत रत्न’ लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर शिष्टाचार भेंट का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर हमने उनके स्वास्थ्य और कुशल-क्षेम के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने आगे कहा कि मैं ईश्वर से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं। लालकृष्ण आडवाणी का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हम सभी के लिए ऊर्जा, प्रेरणा और दृढ़ संकल्प का निरंतर स्रोत है।
एनडीए के कई नेताओं से मिले सम्राट चौधरी
अपने दिल्ली दौरे के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने पार्टी के कई शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। उसके बाद केन्द्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मिले। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री व बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की।
बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार अभी बाकी
बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार अभी होना बाकी है। सीएम सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इनके अलावा अब तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया है। माना जा रहा है कि सम्राट चौधरी अपने साथ संभावित मंत्रियों कि लिस्ट लेकर दिल्ली पहुंचे थे। ये भी कहा जा रहा है कि 6 मई को होने वाली कैबिनेट की तीसरी बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेक स्थिति साफ हो जाएगी।

