धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेलगोरा में सोमवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जबकि 65 वर्षीय राजमणि देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग अमलाबाद से धनबाद स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। उन्हें गया में एक शादी समारोह में शामिल होना था। परिवार के सदस्य टेम्पो में सवार होकर धनबाद की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन जेलगोरा के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टेलर ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टेलर को पाथरडीह क्षेत्र से जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने जेलगोरा-धनबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

