![](https://mirrormedia.co.in/wp-content/uploads/2024/02/WhatsApp-Image-2024-02-12-at-12.45.59.jpeg)
धनबाद: झरिया के सिंह नगर में अर्णव नामक किशोर की शनिवार को हाइवा से कुचलकर हुई मौत से लोगों का आक्रोश चरम पर है। यहां से स्थानीय लोगों ने ट्रांसपोर्टिंग बंद करा दी है।
रविवार को एक कोयला लोड हाइवा जब सिंह नगर की ओर गया तो भड़के लोगों ने चालक व खलासी को पीटा। यह देख अन्य हाइवा इस मार्ग पर नहीं आए।
घटना के बाद से ही इधर से ट्रांसपोर्टिंग बंद है। बस्ताकोला, राजापुर, दोबारी, एना व धनसार से इस मार्ग से होने वाली ट्रांसपोर्टिंग ठप है। डिस्पैच बंद भी है।
वहीं इससे बीसीसीएल को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। एना व धनसार से सिंदरी, एमपीएल व आरटीपीएस जाने वाले हाइवा बोरांगढ़ होकर जा रहे हैं। सिंह नगर मार्ग पर सन्नाटा है। शनिवार को क्षतिग्रस्त वाहनों को चालक रात में ले गए।
मालूम हो कि शनिवार को घटना के बाद गुस्साए लोगों ने सौ से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की थी।
इधर अर्णव का शव पोस्टमार्टम के बाद रविवार को भूली न्यू क्वार्टर लाया गया। वहां मौजूद लोगों के आंसू उसका शव पहुंचते ही छलक उठे। स्वजन उसे अंतिम संस्कार के लिए गया के पैतृक गांव आमस ले गए।
आक्रोशित लोगों का कहना है कि झरिया थाने की पुलिस, बीसीसीएल अधिकारी व जनप्रतिनिधियों की लापरवाही से लोगों की जान जा रही है। यहां से अब ट्रांसपोर्टिंग नहीं होने देंगे। सिंह नगर में वाहन की टक्कर से अनेक की जान गई है। बावजूद प्रशासन सो रहा है। शनिवार को तो एक दलाल आंदोलनरत लोगों को मुआवजा दिलाने की बात कह रहा था। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि संवेदनहीनता न दिखाएं। अधिकांश जर्जर व अनफिट हाइवा दौड़ रहे हैं।