शिक्षा मंत्री के आकस्मिक निधन पर प्रदेश में दो दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा : गुरुवार को बंद रहेंगे सभी सरकारी कार्यालय
1 min read
मिरर मीडिया : चेन्नई में झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने गुरुवार सुबह अंतिम सांसें ली है। उनके आकस्मिक निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। बता दें कि शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन पर प्रदेश में दो दिवसीय का राजकीय शोक की घोषणा की गई है। आज गुरुवार को सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। 6 एवं 7 अप्रैल को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है।

राज्य मंत्री परिषद की बैठक स्थगित कर दी गई। सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। राज्य में सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल गुरुवार तक बंद रहेंगे। वहीं धनबाद में भी नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देश के आलोक में गुरुवार को नगर निगम कार्यालय, झारखंड खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकार और पेयजल विभाग में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित कर दिया गया। इससे पहले नगर निगम में शोकसभा आयोजित की गई।
गौरतलब है कि लंबे समय से बीमार चल रहे झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का आज सुबह ही निधन हो गया है। आज अपराह्न दो बजे उनके पार्थिव शरीर को रांची एयरपोर्ट पर लाया जाएगा। विदित हो कि जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा से विधायक थे। क्षेत्र में वह टाइगर के नाम से लोकप्रिय थे।