11 हजार किलोमीटर का सफर तय कर MP से धनबाद पहुंची आशा : आगे की सफर के लिए उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
1 min read
भारत के 28 राज्यों में 25 हजार किलोमीटर की यात्रा करने का लिया है दृढ़संकल्प
महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण का उद्देश्य लेकर सोलो साइक्लिस्ट आशा 11 हजार किलोमीटर का सफर तय कर पहुंची धनबाद
आशा के उद्देश्य और आगे के सफर के लिए उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
मिरर मीडिया : मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में ग्राम नाटाराम की 24 वर्षीय आशा मालवीय 11100 किलोमीटर का सफर सोलो साइक्लिंग से तय कर आज संध्या धनबाद पहुंची। धनबाद पहुंच कर आशा ने उपायुक्त संदीप सिंह से मुलाकात की।

आशा ने उपायुक्त को बताया कि उसने 1 नवंबर 2022 को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सोलो साइक्लिस्ट के रूप में यात्रा शुरू की है। 15 अगस्त 2023 को 25000 किलोमीटर का सफर तय कर नई दिल्ली पहुंचने का संकल्प है।

उन्होंने बताया कि वह एक राष्ट्रीय खिलाड़ी और पर्वतारोही (बुक ऑफ रिकॉर्ड होल्डर) हैं। अभी सम्पूर्ण भारत की साइकिल यात्रा सोलो साइकिलिस्ट के रूप में कर रही हैं। इस यात्रा का उद्देश्य महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण है। भारत के 28 राज्यों में 25 हजार किलोमीटर की कुल यात्रा करने का दृढ़संकल्प है। अभी तक 11 राज्यो में 11100 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है। यात्रा के दौरान झारखंड 12 वां राज्य और धनबाद झारखंड का अंतिम पड़ाव है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल के लिए यात्रा शुरू करेगी।
उपायुक्त से यात्रा का अनुभव साझा करते हुए सुश्री आशा ने कहा कि मध्य प्रदेश, गुजरात महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटका, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उड़ीसा और झारखंड राज्य का सफर पूरा किया है। सफर के दौरान 9 राज्यों के राज्यपाल व मुख्यमंत्री, पांच राज्य के डीजीपी, 160 आईएएस, 160 आईपीएस से मुलाकात की है। वहीं विभिन्न क्लब तथा एनजीओ के साथ महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण को लेकर 101 कार्यक्रम किए हैं।
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन एक सौ से 300 किलोमीटर के बीच यात्रा करती है। आंध्र प्रदेश में एक दिन में 297 किलोमीटर तथा झारखंड में रांची से गिरिडीह तक की 202 किलोमीटर की यात्रा एक दिन में पूरी की है।
आशा के महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य और आगे के सफर के लिए उपायुक्त ने जिला प्रशासन और जिले वासियों की ओर से उनको शुभकामनाएं दी।