डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। जापान के नागोया में चल रहे इन खेलों के सातवें दिन भारत ने महिला कबड्डी में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 के रोमांचक अंतर से मात दी। इस जीत के साथ ही विमेंस टीम इंडिया ने लगातार पांचवें एशियन गेम्स में पदक जीतने का अपना दबदबा कायम रखा है।
इसके अलावा, पुरुष मैराथन स्पर्धा में भारत को 44 साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए सिल्वर मेडल मिला। लंबी दूरी के धावक सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट और 37 सेकंड का बेहतरीन समय निकालते हुए यह रजत पदक हासिल किया। इससे पहले इस इवेंट में भारत को आखिरी बार 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल मिला था।
शूटिंग प्रतियोगिताओं में भी भारत का बेहतरीन प्रदर्शन जारी है। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन कैटेगरी में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए रजत पदक जीता। इसके साथ ही शूटिंग में भारत के कुल पदकों की संख्या 11 हो गई है, जिसमें 1 गोल्ड, 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
इन सभी पदकों के साथ भारत एशियन गेम्स 2026 की मेडल टैली में 12वें स्थान पर बना हुआ है। भारत के पास अब कुल 27 पदक हैं, जिसमें 3 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं, बॉक्सिंग में भी भारत की ओर से अच्छी खबर आई है जहां कपिल ने पुरुषों के 90 किग्रा वर्ग में एस्ताकी को 5-0 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

