बिहार में एक बार फिर से पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल हुआ है। गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 5 आईपीएस, 8 डीएसपी और 1 एसपी का तबादला हुआ है।गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह फेरबदल राज्य की कानून व्यवस्था, सुरक्षा और पुलिसिंग को अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
संजय सिंह को बड़ी जिम्मेदारी
सरकार ने आईपीएस अधिकारी संजय सिंह को अपर पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) बनाया है। इसके अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी संजय सिंह बजट, अपील एवं कल्याण विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक का भी अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। बता दें, संजय सिंह 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
IPS आनंद कुमार को बड़ी जिमेदारी
2012 बैच IPS आनंद कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (सुरक्षा), बिहार, पटना के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है, और वे अपने वर्तमान पद पुलिस उप-महानिरीक्षक (विधि-व्यवस्था), बिहार, पटना के अतिरिक्त प्रभार में भी बने रहेंगे।
वैभव शर्मा बने नवगछिया के एसपी
2018 बैच के आईपीएस अधिकारी वैभव शर्मा को भागलपुर जिले का पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया है। वर्तमान में वैभव शर्मा साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
राजेश कुमार बने साइबर अनुसंधान एवं अभियान SP
वहीं, 2016 बैच के IPS राजेश कुमार को पुलिस अधीक्षक, साइबर अनुसंधान एवं अभियान, आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना के पद पर तैनात किया गया है। इससे पहले वह नवगछिया के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे।
आदित्य कुमार को BSAP-14 के साथ CID की जिम्मेदारी
इसके अलावा, 2011 बैच के IPS आदित्य कुमार को समादेष्टा, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना के पद पर तैनात करते हुए पुलिस अधीक्षक (ई०), अपराध अनुसंधान विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आठ डीएसपी भी बदले गए
- पटना सिटी में तैनात डीएसपी डॉ गौरव कुमार का तबादला पूर्णिया कर दिया गया है। उन्हें पूर्णिया सदर का डीएसपी बनाया गया है।
- बांका जिले में साइबर क्राइम के पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे अनूपेश नारायण को सुपौल जिले के निर्मली की जिम्मेदारी दी गई है।
- अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे विकास कुमार को पटना के विशेष कार्य बल में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पोस्टिंग दी गई है।
- जहानाबाद के पुलिस उपाधीक्षक गोपाल कृष्ण का तबादला कैमूर जिले में कर दिया गया है। उन्हें मोहनिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
- पूर्णिया जिले के पुलिस यातायात पुलिस उपाधीक्षक कौशल किशोर कमल का तबादला पटना में किया गया है। वह पटना में अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस उपाधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं देंगे।
- पटना में अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस उपाधीक्षक रंजन कुमार सिंह का तबादला पूर्णिया जिले में किया गया है। वह जिले में यातायात के पुलिस उपाधीक्षक होंगे।
- डीएसपी सुरेश प्रसाद राम को पटना जिले में विशेष निगरानी इकाई में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके पहले सुरेश प्रसाद राम आर्थिक अपराधिकारी में पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
- डीएसपी कृष्ण कुमार गुप्ता को पटना में विशेष निगरानी इकाई का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। इसके पहले वो पटना में ही अपराध अनुसंधान विभाग में जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

