पेट्रोल ₹97 के पार, डीजल भी हुआ महंगा; ट्रांसपोर्ट से लेकर रसोई तक पड़ेगा असर
देशभर में एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में करीब ₹3 प्रति लीटर की वृद्धि हुई है। नई कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
नई दरों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹94.77 से बढ़कर लगभग ₹97.77 प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल ₹87.67 से बढ़कर ₹90.67 प्रति लीटर हो गया है। वहीं सामान्य पेट्रोल की कीमत करीब ₹97.91 प्रति लीटर तक पहुंच चुकी है। प्रीमियम पेट्रोल अब ₹105 से ₹107 प्रति लीटर के बीच बिक रहा है।
क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम?
रिपोर्ट्स के अनुसार वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण तेल कंपनियों पर भारी दबाव बढ़ गया था। सरकारी तेल कंपनियों को लगातार घाटा उठाना पड़ रहा था, जिसके बाद कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया।
आम लोगों की जेब पर सीधा असर
पेट्रोल और डीजल महंगे होने का असर सीधे आम लोगों की जिंदगी पर पड़ने वाला है। पेट्रोल महंगा होने से बाइक, कार और निजी वाहन चलाने वालों का मासिक खर्च बढ़ेगा। वहीं डीजल की कीमत बढ़ने से ट्रक, बस और मालवाहक वाहनों की लागत बढ़ जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियों, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतों में भी तेजी आ सकती है। इससे पहले से महंगाई झेल रहे लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका है।
कई शहरों में पेट्रोल ₹100 के पार
मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद जैसे शहरों में पेट्रोल पहले से ही ₹100 प्रति लीटर के ऊपर बिक रहा है। नई बढ़ोतरी के बाद लोगों में चिंता और बढ़ गई है। वाहन चालकों का कहना है कि लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है।

