पीएम मोदी आज से पांच देशों की यात्रा पर, UAE से होगी शुरुआत, जानें कितना अहम है ये दौरा

Neelam
By Neelam
3 Min Read

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से 5 देशों के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी अगले 6 दिनों में कुल 5 देशों का दौरा करेंगे। यात्रा की शुरूआत संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होगी। प्रधानमंत्री ये दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल का युद्ध चल रहा है। दुनिया में ऊर्जा संकट की स्थिति के बीच भारत के लिए पीएम मोदी की ये यात्रा काफी अहम मानी जा रही है।

इन पांच देशों का दौरा करेंगे पीएम

विदेश मंत्रालय के अनुसार, पीएम मोदी अगले 6 दिनों में कुल 5 देशों का दौरा करेंगे। 15 मई को प्रधानमंत्री संक्षिप्त दौरे के लिए यूएई पहुंचेंगे, जिसके बाद वहां से नीदरलैंड के लिए रवाना होंगे। नीदरलैंड्स के बाद प्रधानमंत्री स्वीडन और नॉर्वे का दौरा करेंगे, और इस दौरे का अंतिम पड़ाव इटली होगा।

ऊर्जा सुरक्षा पर होगा फोकस

पीएम की यात्रा में ऊर्जा सुरक्षा क्षेत्र पर मुख्य फोकस रहेगा। ऐसा माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ एलपीजी आपूर्ति और स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम भंडार पर जरूरी समझौतों पर हस्ताक्षर किया जा सकता है।

यूएई के बाद नीदरलैंड्स फिर स्वीडन जाएंगे पीएम

यूएई के बाद प्रधानमंत्री मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड्स जाएंगे। यहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री रॉब जेटन के अलावा किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से होगी। वार्ता में सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, इनोवेशन, रक्षा और जल प्रबंधन जैसे विषय प्रमुख रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री 17 से 18 मई तक स्वीडन का दौरा करेंगे और वहां प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को भी संबोधित करेंगे। चर्चा का केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उभरती प्रौद्योगिकियां, हरित परिवर्तन और मजबूत सप्लाई चेन होंगे।

नॉर्वे और फिर इटली की यात्रा

नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी 19 मई को ओस्लो में आयोजित तीसरे इंडिया-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड और स्वीडन के नेता भी शामिल होंगे। दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 19 से 20 मई तक इटली जाएंगे, जहां वह प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और राष्ट्रपति सर्जियो मातारेला से मुलाकात करेंगे। भारत और इटली के बीच हाल के वर्षों में रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग तेजी से बढ़ा है।

Share This Article