विनीत तिवारी हत्याकांड में पलामू पुलिस को बड़ी सफलता, यूपी से आरोपी गिरफ्तार…अन्य की तलाश तेज

KK Sagar
3 Min Read

पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने चार फरार आरोपियों में से एक को उत्तर प्रदेश के झाँसी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और अब मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल समेत अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

पलामू पुलिस ने विनीत तिवारी हत्याकांड में फरार चल रहे चार आरोपियों में से एक को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर अब मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि इस मामले में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, राकेश तिवारी, प्रशांत तिवारी और रौशन तिवारी को नामजद आरोपी बनाया गया था। इनकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने पहले ढोल-नगाड़ों के साथ इनके घर पहुंचकर न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार भी चस्पा किया था।

Advertisement

दरअसल, 25 अप्रैल को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से विनीत तिवारी का अपहरण किया गया था। अगले दिन 26 अप्रैल को उसका शव सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके से बरामद हुआ था। जांच में सामने आया कि जमीन के कारोबार से जुड़े विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।

इससे पहले 2 मई पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि वह अपहरण और हत्या की साजिश में शामिल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने डीएसपी, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारियों और सब-इंस्पेक्टरों को शामिल करते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। टीम लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक आरोपी उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द होने की उम्मीद है। एसपी कपिल चौधरी ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी को सलाखों के पीछे भेजना पुलिस का उद्देश्य रहेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....