सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। आज उन्होंने शपथ ग्रहण किया। शपथ ग्रहण के तुरंत बाद नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विधिवत रूप से राज्य की कमान संभाली और सचिवालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। साथ ही मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी सरकार के कामकाज को लेकर दिशा निर्देश दिया।
पहले ही दिन कुछ महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर
बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के तुरंत बाद सम्राट चौधरी मुख्य सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) पहुंचे और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। कार्यालय पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के नेतृत्व में पूरी प्रशासनिक टीम उपस्थित थी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सम्राट चौधरी ने पदभार संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए और वरीय अधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर बैठक की।
पहली ही बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश
अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया कि सरकार की कार्यशैली अब से एक्शन-ओरिएंटेड और परिणाम-आधारित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता की शिकायतों का निवारण तय समयसीमा के भीतर और पूरी पारदर्शिता के साथ तुरंत होना चाहिए।
तकनीकी सुधारों को लागू करने को प्राथमिकता
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों से संबंधित अटकी हुई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर प्रगति रिपोर्ट तुरंत सौंपे। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही के दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने सरकारी सेवाओं को सरल और अधिक सुलभ बनाने के लिए तकनीकी सुधारों को लागू करने को प्राथमिकता दी।
बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश मॉडल ही चलेगा-सम्राट चौधरी
बिहार के सीएम पद की शपथ लेने के बाद राज्य के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बता दिया कि उनका लक्ष्य क्या होगा। अधिकारियों की बैठक लेने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि निश्चिंत रहिए बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा।

