गोविंदपुर के युवक की तलाश में जुटा प्रशासन, डोबो पुल पर मिली स्कूटी, पुलिस खंगाल रही है कॉल डिटेल्स

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर के डोबो पुल पर मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। पुल पर युवक की स्कूटी, मोबाइल फोन और चाबी बरामद हुई है, जिसके बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। लापता युवक की पहचान परसूडीह के गोलपहाड़ी निवासी 26 वर्षीय अविनाश कुमार के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?
​परिजनों के अनुसार, अविनाश मंगलवार शाम करीब 5 बजे अपने घर से निकला था। निकलने से पहले उसने अपनी मां को ₹5,000 दिए और कहा था कि वह जल्द ही वापस लौट आएगा। हालांकि रात करीब 11 बजे उसके लापता होने की खबर मिली। जब परिजन डोबो पुल पहुंचे, तो वहां अविनाश की प्लेजर स्कूटी, मोबाइल और चाबियां लावारिस हालत में मिली।

पारिवारिक कलह और सुसाइड का शक
​घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि
​अविनाश अपनी पत्नी के साथ गोविंदपुर में किराए के मकान में रहता था।
​पिछले काफी समय से पति-पत्नी के बीच गंभीर विवाद चल रहा था, जिससे अविनाश मानसिक तनाव में था। अविनाश का एक छोटा बेटा भी है। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते अविनाश ने स्वर्णरेखा नदी में छलांग लगा दी होगी।

रात भर चला सर्च ऑपरेशन
​सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रात भर टॉर्च जलाकर नदी में अविनाश की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण बचाव अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस की जांच जारी
​पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह आत्महत्या का मामला है या कुछ और। मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Share This Article