मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में वे डांसरों के साथ गाने पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं एक और वीडियो सामने आया है जिसमें भोजपुरी गानों पर उनके समर्थक हथियार लेकर डांस करते हुए दिख रहे हैं। इस वीडियो में भी अनंत सिंह का क्लिप दिखाया गया है। जिसने बिहार की सियासी तापमान को बढ़ा दिया है।इस मामले पर लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने सत्ता पक्ष को घेरा है।
रोहिणी आचार्य ने उठाया सवाल
वायरल वीडियो पर रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ने आरोप लगाया कि लालू जी के द्वारा बिहार की कला–संस्कृति की एक पारंपरिक नृत्य–विधा (लौंडा नाच), जिसको बिहार के शेक्सपियर कहे जाने वाले महान लोक कलाकार स्व. भिखारी ठाकुर जी ने भी संजोया, का आयोजन कराए जाने, देखे जाने पर जिन लोगों ने बेवजह सवाल उठाए थे, जिन मीडिया कर्मियों ने बिना जाने–समझे हाय–तौबा मचाई थी, वही लोग अब सत्तापक्ष के इस विवादास्पद चहेते विधायक के द्वारा अपनी अय्याशी, अपनी दबंगई का खुलेआम मुजाहिरा किए जाने पर मौन हैं ?
सत्तापक्ष का चाल–चरित्र और चेहरा इस विधायक सरीखा-रोहिणी
रोहिणी ने आगे कहा कि इस मामले पर सत्तापक्ष के लोगों की चुप्पी से ही साफ जाहिर होता है पूरे सत्तापक्ष का चाल–चरित्र और चेहरा इस विधायक सरीखा ही है। अफसोसजनक है कि इस मामले में हजारों लोगों के सामने नाचने को मजबूर एक महिला पर लुटायी जा रही नोटों की गड्डियों से कैसा महिला सम्मान हो रहा है? ये महिला सम्मान की खोखली बातें करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री को क्यूँ नजर नहीं आ रहा है ?
“बेटी बचाओ” जैसे नारों पर प्रहार
रोहिणी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के “महिला सम्मान” और “बेटी बचाओ” जैसे नारों पर भी प्रहार किया। उन्होंने अपने पोस्ट में क्या “बेटी–बचाओ” का नारा देने वालों के शासन में खुलेआम हो रहा ये भोंड़ा प्रदर्शन, नारा देने वालों की खोखली नैतिकता व असलियत को उजागर नहीं करता है ?
क्या है मामला?
बता दें कि बिहार के बाहुबली विधायक और ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह एक निजी समरोह में शामिल होने गोपालगंज पहुंचे तो समर्थकों नें हथियार लहराकर उनका जोरदार स्वागत किया. यही नहीं, नेता जी के स्वागत में राजा-महाराजाओं की तरह महफिल भी सजाई गई, जहां नर्तकियों का ‘मुजरा’ पेश किया गया। नेताजी भी अपने पुराने अंदाज में बैठ कर मुजरा का आनंद लेते हुए नजर आए। इस दौरान उनके समर्थकों ने नोटों की बारिश की। बाहुबली विधायक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिससे बिहार की सियासी गलियां गर्म हो गई हैं।

