बिहार में भाजपा नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके हैं। उनके साथ ही जदयू के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। बिहार में नए सीएम के शपथ ग्रहण को आधे महीने से ज्यादा समय बीत गया है लेकिन राज्य में कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ। हालांकि, सम्राट कैबिनेट के मंत्रियों का शपथ ग्रहण की तारीफ कभी भी सामने आ सकती है। दरअसल, पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य समारोह की तैयारी हो रही है।
मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख फिक्स
बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की बंपर जीत के बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हलचल तेज हो गई है। बांस-बल्लों से घेराबंदी की जा रही है। बड़ा मंच सजने लगा है और मजदूर तत्परता से काम में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि बिहार की एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार फिक्स हो गया। जानकारी के अनुसार सात मई को नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण कराया जाएगा।
पीएम मोदी और अमित शाह होंगे शामिल
सरकार के नए मंत्री राजभवन में नहीं, बल्कि पटना के गांधी मैदान में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू हो गयी हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने जानकारी दी है कि 7 मई को मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा और एनडीए के नेता शामिल होंगे। उन्हें राज्यपाल सय्यद अता हसनैन पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
दिल्ली में संभावित मंत्रियों की सूची पर लगी मुहर
दो दिन पहले रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के साथ ही भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी। सम्राट चौधरी बिहार में एनडीए के घटक दलों के नेता जदयू के राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, हम के जीतन राम मांझी, लोजपा आर के चिराग पासवान से मिलकर पटना पहुंचे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उन नामों की सूची पर मुहर लगवाकर लौटे हैं, जो बिहार सरकार के मंत्रिमंडल के नए चेहरे होंगे।
क्या होगा मंत्रिमंडल का फॉर्मूला
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने जदयू कोटे के दो वरिष्ठ नेताओं विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने शपथ ली थी। सम्राट सरकार में मंत्रियों के शेष 33 पद पिछले 19 दिनों से रिक्त हैं। एनडीए सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जदयू ने भाजपा को सीएम का पद दे दिया है, इसलिए इस बार सरकार में भाजपा-जदयू के मंत्रियों की संख्या बराबर रहेगी।

