कोसी नदी में किसानों से भरी नाव पलटी, 4 किसान लापता, 7 ने तैरकर बचाई अपनी जान

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार के दरभंगा में किसानों से भरी नाव नदी में पलट गई है। जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के बनरी ढलान के पास बुधवार को कोसी नदी में नाव पलटने से चार किसान लापता हो गए। सात अन्य लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और लापता लोगों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक ही नाव पर सवार थे 13 किसान

घटना जिले के जमालपुर थानाक्षेत्र के तरवारा घाट के रिंग बांध के पास की है। जानकारी के अनुसार करीब 13 किसान एक ही नाव पर सवार होकर कोसी नदी पार कर रहे थे। नाव पर सवार लोग अपने खेतों में मूंग की फसल काटने के लिए नदी पार कर रहे थे।

Advertisement

सात लोग तैरकर बाहर निकले

नदी पार करते समय नाव का संतुलन अचानक बिगड़ गया। तेज बहाव में फंसने के कारण नाव में पानी भरने लगा और वह तेजी से डूब गई। नाव पलटने के बाद, सात लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि चार अन्य लोग नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गए।

लापता लोगों की तलाश जारी

घटना की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF और दूसरी बचाव टीमों को तैनात किया गया है। बचाव दल नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

Share This Article