पटना के इस ATM से कैश नहीं निकलता, चल रहे हैं कैंची और कंघे, अनोखा सैलून देख लोग हैरान

Reena Sharma
2 Min Read

आप कैश निकालने के लिए किसी एटीएम में घुसे और आपको वहां कोई दाढ़ी और बाल बनाता मिल जाए तो? जाहिर सी बात है कोई भी हैरान हो जाएगा। कुछ ऐसे ही हालात बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में देखने को मिल रहा है, जहां एक पुराना एटीएम बूथ अब पूरी तरह से सैलून में बदल चुका है।

बाहर से एटीएम अंदर से सैलून

बिहार की राजधानी पटना का दानापुर इलाके में एक केबिन के बाहर एसबीआई (SBI) का साइन बोर्ड और कांच के दरवाजे वाला पूरा सेटअप मौजूद है। बाहर से ये कमरा आज भी किसी बैंक के एटीएम जैसा दिखता है। मगर, केबिन के भीतर नकदी देने वाली मशीन के बजाय कैंची और कंघे चल रहे हैं।

Advertisement

एटीएम देख पैसे निकालने पहुंचते हैं लोग

जो लोग पहली बार यहां नकदी निकालने की उम्मीद में कार्ड लेकर पहुंचते हैं, उन्हें अंदर का नजारा देखकर अपनी आंखों पर यकीन नहीं होता। ये ‘एटीएम सैलून’ स्थानीय लोगों के साथ-साथ यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए भी कौतूहल और हैरानी का बड़ा केंद्र बन गया है।

एटीएम खाली होने के बाद चल रहा सैलून

दरअसल, एटीएम खाली होने के बाद यहां सैलून का संचालन किया जाने लगा है, लेकिन बोर्ड और गेट एटीएम जैसा ही है। कुछ लोगों को अब भी यह पता नहीं है कि यहां एटीएम बंद हो चुका है। ऐसे में वहां पहुंचकर लोग चौंक जाते हैं।  

बोर्ड और केबिन लोगों को दे रहे धोखा!

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां काफी समय पहले तक बैंक का एटीएम सफलतापूर्वक चलता था। बाद में बैंक ने अपनी मशीन वहां से हटा ली, लेकिन केबिन और बोर्ड को वैसे ही छोड़ दिया गया। खाली पड़ी इस जगह को मकान मालिक ने किराये पर दे दिया। किरायेदार ने भी बिना वक्त गंवाए वहां अपना हेयर कटिंग सैलून खोल लिया। मजेदार बात यह है कि उसने बैंक का बोर्ड भी नहीं हटाया।

Share This Article