धनबाद के बड़ा गुरुद्वारा के सामने स्थित चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान संचालक सुबह दुकान खोलकर काम की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दुकान के अंदर आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा मिठाई, खाद्य सामग्री, फर्नीचर व अन्य सामान जलने लगा।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सबसे राहत की बात यह रही कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आया। अगर सिलेंडर में विस्फोट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था।
दुकान संचालक ने बताया कि आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल गया और उनकी वर्षों की मेहनत व पूंजी बर्बाद हो गई।
इधर स्थानीय लोगों ने दुकान संचालक पर अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि दुकान के आगे करीब 4 से 5 फीट तक जमीन घेर ली गई है, जिससे अक्सर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

