धनबाद – अवैध कोयला खनन पर CISF की ताबड़तोड़ कार्रवाई : मुहाना बंद कर 45 टन कोयला जब्त

KK Sagar
2 Min Read

बीसीसीएल एरिया-1 में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 45 टन अवैध कोयला जब्त

बाघमारा। बीसीसीएल के एरिया-1 अंतर्गत मुराईडीह और बरमसिया क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अवैध कोयला खनन और चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 45 टन अवैध कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक अवैध मुहाने को भी बंद कर दिया गया, जिससे कोयला चोरों और माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई मुराईडीह नॉर्थ खास क्षेत्र में की गई। यहां कोयला चोरों द्वारा अवैध खनन के लिए खोले गए एक मुहाने की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अवैध मुहाने को पूरी तरह भरवाकर बंद कर दिया और वहां से लगभग 20 टन अवैध कोयला जब्त किया।

वहीं दूसरी कार्रवाई बरमसिया के 4-ए पैच क्षेत्र में की गई। सीआईएसएफ की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) ने इंस्पेक्टर रवि कांत के नेतृत्व में औचक छापेमारी कर करीब 25 टन अवैध कोयला बरामद किया। टीम की त्वरित कार्रवाई से अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच खलबली मच गई।

सीआईएसएफ और बीसीसीएल अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जब्त किए गए कुल 45 टन कोयले को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। मामले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....