रामगढ़ – मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, शांति और सौहार्द बनाए रखने के दिए गए निर्देश

KK Sagar
2 Min Read

रामगढ़: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय विधि-व्यवस्था बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने उपस्थित पुलिस इंस्पेक्टरों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुहर्रम को लेकर सभी क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, डीएसपी आलोक रंजन, मुख्यालय डीएसपी अकरम राजा सहित जिले के सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भाग लिया।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द की परंपरा को कायम रखते हुए मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....