पलामू: भूमि अधिकार और जनसमस्याओं को लेकर आगामी 21 जून 2026 को तरहसी प्रखंड के जमुनियाडीह पंचायत अंतर्गत गोइंदी गांव में जन पंचायत का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाकपा (माले) तरहसी प्रखंड कमेटी एवं अखिल भारतीय किसान महासभा ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत विभिन्न गांवों में ग्रामीण बैठकों के साथ-साथ घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
अभियान के दौरान छेदीपुर गांव में ग्रामीण बैठक आयोजित की गई, जबकि गोइंदी में भूमि एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर ग्रामीणों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा नवागढ़, बलियारी, बांस-गुरु, सोनपुरा, कोइरीयाडीह, टिकुलिया, सिलदिलिया सहित दर्जनों गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से 21 जून को आयोजित जन पंचायत में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
जनसंपर्क अभियान में झारखंड ग्रामीण मजदूर सभा के पलामू जिला अध्यक्ष कामरेड नर्वदेश्वर सिंह, श्याम भुइयां, अमलेश भुइयां तथा भाकपा (माले) तरहसी प्रखंड प्रभारी कामरेड कमेश सिंह चेरो प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर जारी बयान में कामरेड कमेश सिंह चेरो ने कहा कि क्षेत्र में भूमि संबंधी समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही हैं। भूमिहीन, दलित, आदिवासी और गरीब परिवारों को भूमि से जुड़े मामलों में न्याय पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर परचाधारी परिवारों को भूमि आवंटन और आवश्यक कागजात मिलने के बावजूद जमीन पर वास्तविक कब्जा और मालिकाना हक अब तक नहीं मिल पाया है।
उन्होंने बताया कि नीलांबर-पीतांबरपुर, सौतम, डबरा, रामसागर, अमवा, साहद, गुरुवा, फुलांग, पांकी, लाल तेतरियाडीह और बसडीहा सहित कई गांवों में भूमि विवाद एवं भू-अधिकार से जुड़े मामलों का समाधान अब तक नहीं हो सका है। जन पंचायत में इन समस्याओं के साथ-साथ किसानों, मजदूरों और गरीब तबकों से जुड़े अन्य जन मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी तथा उनके समाधान के लिए आगे की संघर्ष रणनीति तैयार की जाएगी।
भाकपा (माले) और किसान महासभा के नेताओं ने क्षेत्र के किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और आम ग्रामीणों से जन पंचायत में शामिल होकर अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

