डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर सदर प्रखंड के कीताडीह स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रखरखाव, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सभी मानक प्रक्रिया का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाये, उन्होंने कहा कि वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की शिथिलता व असावधानी नहीं बरती जाये, सीसीटीवी कैमरों की लगातार कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग का समयबद्ध बैकअप संधारण और उसकी नियमित जांच अनिवार्य है।
वेयर हाउस में दैनिक निरीक्षण रजिस्टर व लॉग बुक संधारण की प्रक्रिया पारदर्शी और अद्यतन रूप में हो। किसी भी परिस्थिति में अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था की नियमित ऑडिट, रिपोर्टिंग प्रक्रिया की समयबद्ध समीक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय निगरानी तंत्र को सुदृढ़ करने पर बल दिया। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था व रख-रखाव के विषय पर चर्चा की गयी। मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के अलावे उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धन्न्नजय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहित अन्य उपस्थित थे।

